नदसिया। तिर्वा-गुरसहायगंज मार्ग पर अनियंत्रित पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें बाइक सवार दो युवकों की मौैके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक पिकअप छोड़कर भाग निकला। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क के बीच शव रखकर जाम लगा दिया। साढे़ तीन घंटे तक मार्ग जाम रहा। पुलिस ने शव उठाने का प्रयास किया, इस पर ग्रामीणों से नोकझोंक हुई। कोतवाली प्रभारी के समझाने पर लोग जाम से हटे। दोनों युवक हेलमेट नहीं लगाए थे।
गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के नदसिया गांव निवासी सचिन (25) पुत्र लाल सिंह अपने दोस्त गांव मतौली निवासी लकी त्रिवेदी (22) पुत्र देवेश त्रिवेदी के साथ बुधवार 2:30 बजे बाइक से गुरसहायगंज जा रहे थे। जैसे ही वह बनियानी गांव के पास कोल्ड स्टोरेज के सामने पहुंचे। तभी गुरसहायगंज की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों बाइक सवार खड्ड में जा गिरे। इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
विज्ञापन
हादसे के बाद चालक पिकअप छोड़कर मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना नदसिया गांव में दी। सूचना मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने दोनों शवों को तिर्वा-गुरसहायगंज मार्ग के बीच रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही गुरसहायगंज कोतवाली प्रभारी संतोष अवस्थी पुलिस बल के साथ पहुंच गए। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। इस पर ग्रामीण आक्रोशित हो गए और पिकअप में आग लगाने का प्रयास करने लगे। इस पर पुलिस ने किसी तरह पिकअप को सुरक्षित किया। ग्रामीण उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की बात कह रहे थे। करीब साढे़ तीन घंटे बाद जब कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा तो गुरसहायगंज कोतवाली प्रभारी ने ग्रामीणों को समझाकर शवों को हटवाया। पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
इकलौता चिराग बुझा
नदसिया। हादसे का शिकार हुए सचिन इकलौता था। पिता की मौत करीब 22 वर्ष पहले हो गई थी। सचिन के छह माह की पुत्री है। सचिन की दो बहने है। जिनकी शादी हो चुकी है। इस घटना से उसकी मां पूरी तरह टूट चुकी है। उसका रो-रोकर बुरा हाल है।