छिबरामऊ(कन्नौज)। नगर के सौ शय्या संयुक्त चिकित्सालय में फार्मेसी के प्रशिक्षणार्थी ने इंजेक्शन रूम से दवाएं चोरी कर लीं। अपने कक्ष में बैठे सीएमएस ने पूरी वारदात को स्क्रीन पर देख प्रशिक्षणार्थी को रंगे हाथ पकड़ लिया। सीएमएस ने बैग खुलवाया तो उसमें दवाओं, इंजेक्शन के अलावा कोविड-19 की जांच की रैपिड किट भी मिली। बाद में प्रशिक्षणार्थी ने गलती मानते हुए सीएमएस से माफी मांग ली।
शुक्रवार को नगर के सौ शय्या संयुक्त चिकित्सालय में फार्मेसी के एक प्रशिक्षणार्थी ने ओपीडी समाप्त होने के बाद इंजेक्शन रूम से अपना बैग निकालने के लिए स्टॉफ नर्स से चाबी ले ली। प्रशिक्षणार्थी ने बैग निकालने के बहाने कमरे में जाकर यहां पर रखीं दवाएं व इंजेक्शन अपने बैग में भर लिए। अपने कक्ष में बैठे सीएमएस डॉ. राजेश कुमार तिवारी ने कमरे में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज स्क्रीन पर देखे तो चौंक गए। मौके पर पहुंचे अस्पताल के कर्मचारियों ने बैग पलटा तो इसमें दवा, इंजेक्शन के अलावा कोविड-19 की रैपिड टेस्ट किटें मिलीं। सीएमएस ने प्रशिक्षणार्थी को फटकार लगाते हुए कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी। इस पर उसने माफी मांग ली।
इस संबंध में सीएमएस डॉ. राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि प्रशिक्षणार्थी को माफी मांगने के बाद कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है।