क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय घिलोई में धावा बोलकर कुछ लोगों ने शिक्षक को पीट दिया। शिक्षिकाओं ने उसे बचाने का जब प्रयास किया तो उनके साथ भी अभद्रता की। घटना से शिक्षक नेताओं में रोष व्याप्त है। उन्होंने घटना की तहरीर कोतवाली में देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
नगर के विशुनगढ़ रोड हनुमानगढ़ी निवासी आदेश कुमार यादव पूर्व माध्यमिक विद्यालय घिलोई में अनुदेशक के पद पर तैनात है। शुक्रवार दोपहर वह कक्षा में परीक्षा करा रहे थे। इसी बीच गांव के नंदराम उर्फ ब्रह्मानंद उसके पुत्र अनुज और विजय गांव के कई अन्य लोगों के साथ आ धमके। इन लोगों ने कक्षा में घुसकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शिक्षक के साथ मारपीट होते देख विद्यालय की हेडटीचर सुषमा चौहान, सहायक अध्यापिका मीना राठौर ने जब उसे बचाने का प्रयास किया तो हमलावरों ने उन लोगों से भी अभद्रता की। मारपीट के दौरान हमलावरों ने पीड़ित शिक्षक की जेब से एक हजार रुपये भी पार कर दिए। हेड टीचर ने बताया कि ब्रह्मानंद का पुत्र आशीष कक्षा सात में पढ़ता है। उसे पढ़ाई को लेकर डांटने पर उसके परिजनों ने स्कूल में घुसकर मारपीट की। उधर घटना की जानकारी होते ही पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के पूर्व अध्यक्ष सुरेशचंद्र शास्त्री, प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अनूप कुमार मिश्र, प्रवीन कुमार यादव आदि कई शिक्षक नेता स्कूल पहुंच गए। इसके बाद पीड़ित शिक्षक के साथ पुलिस अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। बाद में चौकी इंचार्ज स्कूल आए और शिक्षक नेताओं को भरोसा दिलाया कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-------------------------------
विद्युत बिल प्राप्त करें
छिबरामऊ (कन्नौज)। विगत 17 जुलाई 2013 से 30 जून 2014 के बीच कनेक्शन कराने वाले कई उपभोक्ताओं को तकनीकी कारणों से बिल नहीं मिल पा रहे थे। उपखंड कार्यालय के वरिष्ठ लिपिक अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि इन सभी उपभोक्ताओं के बिल बन गए हैं। वह अपने मीटर रीडर से या किसी भी कार्य दिवस में उपखंड कार्यालय से प्राप्त कर लें। इन सभी बिलों का भुगतान 30 दिसंबर से पहले जमा करना जरूरी है।
------------------