कोतवाली परिसर में मंगलवार शाम अपर पुलिस अधीक्षक सुभाष शाक्य ने क्राइम मीटिंग के दौरान लंबित विवेचनाएं शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए। कई मामलों में अभियुक्तों की गिरफ्तारी न हो पाने पर दरोगाओं को फटकार लगाई।
कोतवाली परिसर में अपराध समीक्षा बैठक का आयोजन हुआ। इस दौरान एएसपी ने पिछले माह दर्ज हुई एफआईआर व एनसीआर के मामलों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पाया कि कई गंभीर मामलों की विवेचना अभी अधूरी है। विवेचना के दौरान उप निरीक्षकों ने नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी भी नहीं की है।
इस पर उन्होंने ऐसे मामलों से संबंधित सभी दरोगाओं की एक-एक कर क्लास ली। साथ ही उन्हें हिदायत दी कि कोतवाली में आने वाले शिकायती प्रार्थनापत्रों पर भी गंभीरता से गौर करे। कोई भी मामला छोटा नहीं होता। शिकायत मिलने पर तत्काल मौके पर जाए।
मामला सुलह-समझौते पर निपटता है तो उसे वहीं निपटा दे। मामला न निपट पाने पर तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर अभियुक्तों की गिरफ्तारी करे। समीक्षा बैठक में सीओ सुरेंद्रपाल, तिर्वा कोतवाली प्रभारी वीके शुक्ला सहित कोतवाली में तैनात सभी उप निरीक्षक मौजूद रहे।