स्टेशन पर सुबह ठंड के बीच ट्रेन का इंतजार करते यात्री।
- फोटो : अमर उजाला
कन्नौज।पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी और पछुआ हवाओं ने ठंड बढ़ा दी है। दिन और रात के तापमान में दो-दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिकों ने ठंड में अभी और बढ़ोत्तरी की बात कही है। इस बार ज्यादा ठंड पड़ने की भविष्यवाणी भी की गई है।
सोमवार को दिन अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मंगलवार को बढ़ी ठंड से इसमें गिरावट दर्ज की गई और अधिकतम तापमान 25.4 और न्यूनतम 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवाएं भी छह-सात किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं। पछुआ हवाओं के चलने से ठंड में अब तेजी से बढ़ोत्तरी होगी। मौसम वैज्ञानिक अनिरुद्ध दुबे ने बताया कि इस बार ठंड ज्यादा और लंबे समय तक रहेगी। कई सालों बाद नवंबर में न्यूनतम तापमान 11 तक पहुंचा है। पछुआ हवाओं में जैसे-जैसे तेजी आएगी, वैसे-वैसे तापमान में गिरावट होती जाएगी। पाला गिरने से आलू और सरसों जैसी फसलों को नुकसान हो सकता है। किसान समय-समय पर पानी जरूर लगाते रहें। कोहरे में भी बढ़ोत्तरी होगी।