कन्नौज। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ाने वाले शिक्षकों के परिचय पत्र बनेंगे। शासन ने एक परिचय पत्र की कीमत 50 रुपये तय की है। परिचय पत्र की गुणवत्ता का विशेष ख्याल रखने के निर्देश दिए हैं। रजिस्टर्ड फर्मों से परिचय पत्र तैयार कराए जाएंगे।
जिले के 1200 प्राथमिक विद्यालयों में 2387 व 457 उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 1341 शिक्षक-शिक्षिकाएं कार्यरत हैं। उप सचिव बेसिक शिक्षा अनिल कुमार ने भेजे गए पत्र में कहा है कि परिचय पत्र रजिस्टर्ड फर्मों से तैयार कराए जाएं। इन्हें लेमिनेशन व फीता सहित उपलब्ध कराया जाए। शिक्षक परिचय पत्र पहनकर ही विद्यालय आएंगे। एक माह के अंदर यह कार्रवाई पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
बीएसए केके ओझा ने बताया कि शासन स्तर पर हुई बैठक में परिचय पत्र बनवाने के निर्देश मिले थे। परिचय पत्र के लिए अभी बजट उपलब्ध नहीं हुआ है। बजट मिलते ही कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।