एक नवंबर को होने वाली मतगणना को लेकर प्रशासन पूरी
तरह से सजग दिखाई दे रहा है। मंडी समिति के आसपास के इलाके को पूरी तरह से
सुबह छह बजे सील कर दिया जाएगा। मंडी समिति में प्रवेश लेने वाले मतगणना
एजेंटों को तलाशी के बाद अंदर जाने के लिए प्रवेश दिया जाएगा।
डीएम अनुज
कुमार झा ने बताया कि मतगणना के लिए प्रशासन ने पूरा होमवर्क कर लिया है।
सुबह छह बजे मंडी समिति का 200 मीटर का एरिया पुलिस और पीएसी घेर लेगी। इस
दौरान किसी को भी उस क्षेत्र में एकत्रित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने
कहा कि प्रशासन के आरएएफ की दो कंपनी फोर्स है।
जहां पर फोर्स लगाने की
जरूरत पड़ेगी, वहां पर लगाया जाएगा। इसके अलावा कानपुर व फर्रुखाबाद रूट से
आने वाले वाहनों को मतगणना के दौरान प्रतिबंधित कर दिया गया है। इन वाहनों
को बाईपास के जरिए निकाला जाएगा। बताया कि मतगणना के दौरान असलहा, मोबाइल,
स्याही, पानी की बोतल पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी।
यदि कोई भी इन चीजों
के साथ में पकड़ा जाता है, तो उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया जाएगा। कहा
कि बिना पास के किसी को भी अंदर जाने की अनुमति प्रदान नहीं की जाएगी। उधर,
मंडी समिति परिसर में रविवार को सुबह आठ बजे से शुरू होने वाली डीडीसी और
बीडीसी पदों की मतगणना के लिए जिला प्रशासन ने मतगणना अभिकर्ताओं के पास
जारी करने का कार्य पूर्ण कर लिया है।
हालांकि, अभिकर्ताओं को पास बनवाने
के लिए तीस अक्तूबर तक का समय दिया गया था, पर तमाम लोग शनिवार को भी पास
बनवाने पहुंचे। ज्ञात हो कि एक नवंबर को डीडीसी और बीडीसी पदों पर हुए
चुनाव में पड़े वोटों की गिनती होगी। प्रशासन मतगणना को लेकर पूरी तरह से
मुस्तैद है।
पिछले तीन दिनों से मतगणना अभिकर्ताओं के पास जारी करने का दौर
जारी था। बीडीसी के रिटर्निंग आफीसर राजेश बघेल ने बताया कि डीडीसी पद
की मतगणना के लिए 280 मतगणना एजेंटों के पास जारी किए गए हैं, जबकि क्षेत्र
पंचायत पद के लिए 410 के पास जारी किए गए हैं।