तिर्वा(कन्नौज)। परिजनों को धता बताकर प्रेमी-प्रेमिका ने मंदिर में शादी रचा ली। इससे पहले तहसील पहुंच कर नोटरी का समझौता पत्र लिखाया। शादी करने के बाद दोनों परिजनों से बचने के लिए पुलिस की शरण में पहुंच गए।
कोतवाली इलाके के पचोर गांव के गोविंद का सीहपुर की लाली से काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों ने आपस में जीने मरने की कसम खाते हुए शादी करने की ठान ली। इसकी जानकारी पर परिजन विरोध करने लगे। इनके घर से निकलने पर पाबंदी लगा दी। शनिवार सुबह प्रेमी-प्रेमिका परिजनों को धता बताकर तहसील पहुंचे। यहां पति-पत्नी बनकर जीवन यापन करने की कसम खाते हुए नोटरी समझौता लिखवाया। इसके बाद अन्नपूर्णा मंदिर में शादी रचा ली।
मंदिर में शादी रचाने के बाद प्रेमी-प्रेमिका कोतवाली पहुंचे। यहां पुलिस को पूरी बात बताई। परिजनों से बचाने की गुहार लगाते हुए प्रार्थना पत्र दिया। पुलिस ने दोनों के परिजनों को बुला कर समझा बुझाकर शांत कराया। सीओ दीपक दूबे ने बताया कि प्रेमी-प्रेमिका बालिग थे। दोनों के परिजनों को समझाते हुए साथ रखने के लिए कहा गया है। इसके बाद युवक प्रेमिका को लेकर परिजनों के साथ घर चला गया।