एसडीओ कार्यालय के सामने प्रदर्शन करते कंप्यूटर ऑपरेटर।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। ठेकेदारी के तहत बिजली विभाग में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों को पांच माह से मानदेय नहीं मिला है। इससे नाराज ऑपरेटरों ने बिजली कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया। हड़ताल के चलते बिजली कार्यालय में कामकाज ठप रहा।
बिजली विभाग ने कंप्यूटर ऑपरेटरों की कमी पूरी करने के लिए र्साइं कंप्यूटर्स लिमिटेड मेरठ से करार किया है। कंपनी ने जिले के बिजली दफ्तरों में करीब 50 कर्मचारियों को लगा रखा है। पांच माह से कार्यदायी संस्था ने इन कर्मचारियों को मानदेय नहीं दिया। इससे नाराज कर्मचारियों ने मंगलवार को काम बंद कर हड़ताल कर दी। इससे बिल जमा होने से लेकर संशोधन के काम बंद हो गए। कंप्यूटर ऑपरेटरों ने एसडीओ कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। मामले की जानकारी एक्सईएन शादाब अहमद को दी।
एक्सईएन ने कार्यदायी संस्था से बात की तो बताया गया कि दो दिन में भुगतान कर दिया जाएगा। मानदेय में लापरवाही पर एक्सईएन ने कार्यदायी संस्था के भुगतान पर रोक दी है। एक्सईएन ने बताया कि जब तक ऑपरेटरों को भुगतान नहीं होता, कार्यदायी संस्था को भुगतान नहीं दिया जाएगा। एक्सईएन के आश्वासन पर कर्मचारी हड़ताल समाप्त कर बुधवार से काम करेंगे। इस मौके पर निशांत शर्मा, मनीष मिश्रा, सुशील यादव, अंकित, पंकज बाथम, रजत, रुचि, विकास, शशांक, गौरी शंकर, निशांत शर्मा समेत सभी कर्मचारी हड़ताल पर रहे।