कन्नौज/तिर्वा। जिले में सक्रिय चोरों के एक गैंग ने पुलिस की नींद उड़ा दी है। सरकारी डॉक्टर और कर्मचारियों को निशाना बनाने वाले इस गिरोह ने 24 घंटे के अंदर दो सरकारी डॉक्टर, फार्मासिस्ट, मलेरिया इंस्पेक्टर समेत सात स्वास्थ्य कर्मियों के आवासों से लाखों माल पार कर दिया। गिरोह ने सोमवार को गुरसहायगंज सीएचसी परिसर स्थित दो स्वास्थ्य कर्मियों के आवासों को निशाना बनाया था। मंगलवार को तिर्वा में चार और कन्नौज में एक स्वास्थ्य कर्मी के आवास से नगदी व जेवर चोरी कर ले गए।
मंगलवार को तिर्वा सीएचसी के अधीक्षक डॉ. अवधेश कुमार, डॉ. राजन सिंह, फार्मासिस्ट आरके चौधरी और मलेरिया इंस्पेक्टर परवीन बेगम ड्यूटी पर थीं। सुबह करीब 11 बजे चोर इन लोगों के परिसर में स्थित आवासों के ताले तोड़कर अंदर घुस गए। चोरों ने डॉ. राजन के आवास से करीब पांच लाख के जेवर और 26 हजार नगद पार कर दिए। मलेरिया इंस्पेक्टर परवीन बेगम के आवास से छह लाख के जेवर और साढ़े सात हजार रुपये पार चोरी कर लिए। दोपहर करीब दो बजे विनोद दीक्षित चिकित्सालय कन्नौज के महिला विंग में तैनात महिला स्वास्थ्य कर्मी शिवकुमारी पत्नी अरुण कुमार के आवास का ताला तोड़ दिया। अलमारी में रखी दो लाख की नगदी और तीन लाख के जेवर पार कर दिए।
सीएचसी परिसर में सिलसिलेवार चोरी से हड़कंप मच गया। इससे पहले सोमवार को गुरसहायगंज सीएचसी में दो कर्मचारियों के आवास से लाखों की चोरी को गिरोह ने अंजाम दिया था। एएसपी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस टीमों को लगाया गया है। जल्द गिरोह का खुलासा किया जाएगा।
बेटी की शादी के लिए जुटाई थी नगदी
कन्नौज। सीएचसी में तैनात महिला स्वास्थ्य कर्मचारी शिव कुमारी की आर्थिक हालत ठीक नहीं है। पति अरुण कुमार एक चिकित्सक की कार चलाते हैं। बड़ी बेटी की शादी के लिए दो लाख नगदी जुटाई थी। जेवरों के साथ चोरों ने नगदी पार कर दी। अरुण कुमार ने बताया कि अब बेटी की शादी पर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। सदर कोतवाल ने गिरोह को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।