कन्नौज। किसी भी स्कूल या कॉलेज के 200 मीटर के दायरे में पान, मसाला, सिगरेट या गुटखा की दुकान नहीं चलेगी। इसके लिए जिले भर में अभियान चलाया जाएगा। यदि किसी स्कूल या कॉलेज के 200 मीटर दायरे में ऐसी दुकानें मिलेंगी तो उसके संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। कलक्ट्रेट के गांधी सभागार में हुई बैठक के दौरान डीएम शुभ्रांत शुक्ला ने इस विषय पर चर्चा कर अफसरों को निर्देश दिए हैं।
राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण की आयोजित बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि अध्यापक अगर पान ,मसाला, गुटखा खाते हैं तो उन्हें मना किया जाए। अध्यापक विद्यालय में पान, मसाला, गुटखा आदि का सेवन कतई नहीं करेंगे। सभी अध्यापकों को शपथ दिलाई जाएगी कि पान, मसाला, गुटखा न खाएं। डीएम ने कहा कि सभी शिक्षण संस्थान तंबाकू मुक्त होने चाहिए। पान, मसाला,गुटखा आदि का उपयोग बच्चे ना करें, इसके लिए विद्यालय में जागरूकता के कार्यक्रम चलाए जाएं।
डीएम ने कहा कि शराब, गांजा, भांग, स्मैक आदि पब्लिक प्लेस पर प्रतिबंधित है। ऐसे गांव चिह्नित किए जाएं जहां पर ड्रग्स का सेवन अधिक मात्रा में किया जाता है, एक जनपद से दूसरे जनपद में ड्रग्स का परिवहन होता है। इस पर भी गहनता से जांच की जाएं। नशीले पदार्थों के सेवन पर विराम लगे, इस पर बेहतर रणनीति तैयार की जाएं। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त/ राजस्व ), ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, अपर पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी,जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आदि उपस्थित रहे।