गुरसहायगंज। बालिका से दरिंदगी के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से कस्बा की महिलाओं और युवतियों में आक्रोश बढ़ रहा है। हाथों में तख्तियां लेकर सड़क पर निकलीं महिलाओं ने आरोपी को गिरफ्तार करने मांग की। चौकी का घेराव कर पुलिस के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की।
कस्बा में 23 अक्तूबर को खुदागंज निवासी रामजी वर्मा ने 14 वर्षीय बालिका से दरिंदगी की। उसे मरणासन्न कर सर्किट हाउस की झाड़ियों में फेंक दिया था। उसका कानपुर के नर्सिंग होम में उपचार चल रहा है। सोमवार को कस्बा की मुख्य सड़कों पर महिलाओं और युवतियों ने प्रदर्शन करते हुए रैली निकाली।
वहीं कस्बा चौकी का घेराव कर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह और चौकी प्रभारी मनोज कुमार पांडे ने महिलाओं को शांत कराया।
एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि पुलिस टीमें दबिश दे रहीं हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।