सौरिख (कन्नौज)। कस्बे के इंद्रानगर मोहल्ला के इंटर के छात्र विवेक चतुर्वेदी का शव शुक्रवार सुबह घर पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई। छात्र का कस्बे के बाहर खेत में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
इंद्रानगर मोहल्ला निवासी आनंद चतुर्वेदी का पुत्र विवेक (18) ऋषि भूमि इंटर कॉलेज में कक्षा 12 का छात्र था। गुरुवार को वह दोस्त मंजेश यादव पुत्र मनोज यादव और दो अन्य साथियों के साथ बाइक से मथुरा-वृंदावन दर्शन करने गया था। दर्शन करने के बाद सभी घर लौट रहे थे। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 41 फिरोजाबाद जिले के मटसेना क्षेत्र में बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई।
हादसे में मंजेश उछलकर दूर जा गिरा जबकि विवेक सामने से आ रहे अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। वाहन का पहिया ऊपर से गुजरने के कारण उसकी मौत हो गई। हादसे में मंजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे आगरा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बेटे का शव देखकर मां ज्योति चतुर्वेदी और भाई हर्षित चतुर्वेदी बदहवास हो गए। बेटे की असमय मौत से परिजन टूट गए। बाद में गमगीन माहौल में विवेक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।