छिबरामऊ। फर्रुखाबाद चौराहे पर हर समय रहने वाली जाम की समस्या से जल्द निजात मिलेगी। कोतवाल ने चौराहे पर फुटपाथ घेरे लोगों को अतिक्रमण हटाने के लिए दो दिन की मोहलत दी है। जाम से निजात दिलाने के लिए उन्होंने जीटी रोड की दोनों लेन शुरू कराने के लिए नेशनल हाइवे चौड़ीकरण का कार्य करा रही कार्यदायी संस्था जीआर इन्फ्रा के मैनेजर से भी वार्ता की।
बुधवार को फर्रुखाबाद चौराहे पर जाम की सूचना पर पहुंचे कोतवाल ने फुटपाथ घेरे ठेले वालों व दुकानदारों को जमकर फटकार लगाई। दो दिनों में अतिक्रमण न समेटने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। दुकानदारों ने बताया कि चौराहे पर एक लेन बंद होने के कारण जाम की समस्या उत्पंन हो रही है।
इस पर कोतवाल ने जीटी इंफ्रा के मैनेजर राजेश उपाध्याय को बुलाकर जाम की समस्या से निजात के लिए वार्ता की। मैनेजर ने बताया कि फर्रुखाबाद चौराहे से पूर्वी बाईपास तक दोनों लेन का कार्य लगभग पूरा हो चुका है, डिवाइडर का कार्य पूरा होते ही दोनों लेन शुरू करा दी जाएगी।
कोतवाल ने फर्रुखाबाद चौराहे पर खड़ी होने वाली प्राइवेट बसों व टेपों को भी चौराहे से दूर खड़ा करने के निर्देश दिए। कोतवाल के सख्त रुख को देखते हुए मौके पर खड़े टैंपो चालक आनन-फानन इधर-उधर हो गए। इसके बाद कोतवाल में जीटी रोड पर जाम लगने वाले अन्य स्थानों का भी निरीक्षण किया।