छिबरामऊ (कन्नौज)। मतदाता पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन बीएलओ ने अभी तक ड्यूटी नहीं की है, उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए छिबरामऊ,सौरिख व तालग्राम के बीईओ व सीडीपीओ से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
एसडीएम देवेश कुमार गुप्ता ने बताया कि अनुपस्थित 19 बीएलओ में से छह बीएलओ ने गुरुवार को अपनी ड्यूटी ले ली। छिबरामऊ ब्लाक के शिक्षामित्र अर्चना यादव, मनोज कुमारी, निगहत अफरोज, रामा, बीनू दुबे, शशि दुबे, सौरिख ब्लाक के आनंद सिंह, गीता भारती, प्रमोद, कृषि सहायक राहुल पालीवाल, तालग्राम के अनुदेशक राजेश कुमार, छिबरामऊ व तालग्राम की एक एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने ड्यूटी नहीं ली है।
उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारियों से अनुपस्थित बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अभी तक क्या कार्रवाई की, इसका विवरण मांगा गया है। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता पुनरीक्षण कार्य कराया जा रहा है। इस कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अनुपस्थित 13 बीएलओ के खिलाफ संबंधित विभाग के अधिकारी विभागीय कार्रवाई के लिए एफआईआर दर्ज कराएंगे।