जलालाबाद (कन्नौज)। जलालाबाद कस्बे की पानी की टंकी के नलकूप की मोटर मरम्मत के चौदह दिन बाद ही फुंकने से पेयजल संकट फिर गहरा गया है। पानी भरने के लिए घरों में लगे सबमर्सिबल और सरकारी हैंडपंपों पर सुबह शाम भीड़ लग रही है। लोग पेयजल के लिए परेशान हो रहे हैं।
जलालाबाद की करीब तीन हजार आबादी पेयजल के लिए पानी की टंकी पर निर्भर हैं। सितंबर में ट्रांसफार्मर और टंकी की मोटर खराब होने पर पंद्रह दिन लोग पेयजल के लिए परेशान रहे।
चौदह दिन पहले मोटर बनाई गई और नौ दिन बाद ही खराब हो गई। पांच दिन से लोग पेयजल के लिए परेशान हैं। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विवेक पाठक ने बताया कि मोटर को सही करने का काम चल रहा है। जल्द ही टंकी से पानी की सप्लाई शुरू करा दी जाएगी।
--------
ग्रामीण का दर्द
मोबाइल दुकानदार नितिन वर्मा ने बताया कि पांच दिन से दूसरों के घरों से पानी भर कर ला रहे हैं। बिजली न होने के कारण पानी देर से मिलता है। इससे दुकान पर आने के लिए देर हो जाती है।
जलील अहमद ने कहा कि रेलवे लाइन पार हैंडपंप से पानी लाना पड़ रहा है। हैंडपंप से ज्यादा पानी निकलने से गंदा मिल निकलने लगात है। लोगों को बहुत परेशानी हो रही है।
दुकानदार नीरज सक्सेना ने कहा कि बाजार में टंकी से आने वाला पानी ही लोग पीते हैं। दूसरा साधन नहीं है। टंकी बंद होने से ग्राहक पानी के लिये परेशान हो रहे हैं।
सराय मोहल्ला निवासी ड्राइवर मो. वारिस (लालू) ने कहा कि मोहल्ले के ज्यादातर लोग टंकी के पानी की पर आश्रित हैं। हैंडपंप पर भीड़ होने से दुकान आने में देरी हो जाती है।
-------
कोट...
जलालाबाद की पानी की टंकी की मोटर खराब होने की जानकारी नहीं है। बीडीओ से जानकारी कर समस्या का निराकरण करवाया जाएगा। -गौरव शुक्ला, सदर एसडीएम।