तिर्वा (कन्नौज)। आर्यावर्त ग्रामीण बैंक (एजीबी) बैंक में 1.46 करोड़ रुपये के ऋण घोटाले के मामले में पुलिस ने फरार आरोपियों की कुर्की की तैयारी शुरू कर दी है। पूर्व प्रबंधक समेत 29 आरोपी एक साल से फरार हैं। विवेचना अधिकारी ने फरार आरोपियों की कुर्की के लिए न्यायालय से अनुमति मांगी है।
आर्यावर्त ग्रामीण बैंक फगुआ भट्टा शाखा के प्रबंधक बादाम सिंह पाल पुत्र जागेश्वर प्रसाद ने 10 अक्तूूबर 19 को पूर्व प्रबंधक प्रवीण कुमार शर्मा पर फर्जी दस्तावेज के जरिये 42 लोगों को फर्जी तरीके से 1,46,64,000 रुपये ऋण देने का मुकदमा दर्ज कराया था।
30 अगस्त 2016 से सात जून 2018 के बीच गड़बड़ी की गई। पुलिस ने 43 लोगों पर मुकदमा दर्ज कर रिकॉर्ड खंगालने के बाद 14 कर्जदारों को जेल भेज दिया था। पूर्व प्रबंधक प्रवीण समेत 29 आरोप फरार अभी तक फरार हैं। विवेचक एसएसआई विजय कांत मिश्रा ने बताया एक साल से फरार आरोपियों की संपत्ति की कुर्की कराई जाएगी। इसके लिए न्यायालय से अनुमति मांगी गई है।