कन्नौज। पार्सल ले जाने को शुक्रवार को सरायमीरा बस स्टेशन पर चालक और परिचालक में विवाद के बाद कुछ उपद्रवियों ने चालक को दौड़ा-दौड़ा कर डंडों से पीटा। बीच बचाव करने आए अधीक्षक से हाथापाई कर उनके कार्यालय पर पथराव, तोड़फोड़ कर दस्तावेज फाड़ डाले। खौफजदा यात्री और रोडवेज कर्मचारी इधर उधर भागे। करीब आधे घंटे बाद पहुंची चौकी पुलिस ने दो उपद्रवियों को दबोच लिया।
कन्नौज डिपो में तैनात चालक बृजेश यादव शुक्रवार को अवकाश पर थे। एक पार्सल दिल्ली भिजवाने के लिए वह दोपहर करीब दो बजे सरायमीरा बस स्टेशन पहुंचे। पार्सल ले जाने को लेकर उनका कानपुर से दिल्ली जाने वाली बस के परिचालक अनिल पाल निवासी जेमा से कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर मारपीट शुरू हो गई। वहां मौजूद कुछ लोगों ने बृजेश यादव के साथ डंडों से मारपीट शुरू कर दी। बृजेश स्टेशन अधीक्षक जयवीर प्रसाद के घर में घुसकर गए और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। उपद्रवियों ने दरवाजा तोड़ दिया और बाहर खींचकर बृजेश को पीटने लगे। स्टेशन पर मौजूद सवारियां, चालक, परिचालक और कर्मचारी इधर उधर भागे।
स्टेशन अधीक्षक जयवीर प्रसाद ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो उपद्रवियों ने उनके साथ भी हाथापाई कर दी। उपद्रवियों ने अधीक्षक के कार्यालय में पथराव करने के साथ उपकरण, अलमारी और फर्नीचर भी तोड़ दिया। दस्तावेज भी फाड़ दिए। करीब आधे घंटे तक बवाल चलता रहा। इसके बाद सरायमीरा चौकी प्रभारी कमल भाटी पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस को देख उपद्रवी भागने लगे। सिपाहियों ने दो को पकड़ लिया। सीओ शिव प्रसाद ने बताया कि पकड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
सीसी टीवी कैमरे के फुटेज से शुरू की शिनाख्त
रोडवेज बस स्टेशन पर आधा घंटे तक चला बवाल सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है। पुलिस ने फुटेज को सुरक्षित कर लिया है। चौकी प्रभारी कमल भाटी ने बताया कि फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।
भाग निकले थे सिपाही और होमगार्ड
बस स्टेशन पर 24 घंटे दो सिपाही और दो होमगार्ड जवान की ड्यूटी रहती है। बवाल के दौरान भी सिपाही और होमगार्ड जवान ड्यूटी पर थे। बवाल शुरू होते ही पुलिसकर्मी और होमगार्ड भाग निकले।
पुलिस आधे घंटे में तय कर पाई 100 कदम दूरी
सरायमीरा बस स्टेशन से सरायमीरा पुलिस चौकी तहसील परिसर में करीब 100 कदम दूरी पर है। बवाल की जानकारी मिलने के बाद ये दूरी तय करने में पुलिस को आधा घंटा लग गया। सीओ सदर ने कहा कि जांच कर लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी।