कन्नौज। रूट को लेकर आटो और टैक्सी चालकों में लंबे समय से विवाद चल रहा है। शनिवार को सवारियां भरने के विवाद में चालकों में मारपीट हो गई। इससे खफा आटो चालकों ने बोर्डिंग मैदान पर आटो खड़े कर दो घंटे तक प्रदर्शन किया। प्रभारी निरीक्षक ने समझाकर उन्हें शांत कराया। ऑटो चालकों ने टेंपो चालकों पर मारपीट करने और टेंपो यूनियन पर परेशान करने का आरोप लगाया है।
गुरसहागंज कोतवाली क्षेत्र के गांधी नगर निवासी ऑटो चालक शाहरुख शनिवार को बुकिंग पर सवारियों लेकर कन्नौज आ रहा था। उसका आरोप है कि टेंपो यूनियन ने कन्नौज-गुरसहायगंज रूट पर ऑटो चलने की अनुमति न होने की बात कह सवारियों को उतार लिया। विरोध करने पर शाहरुख के साथ मारपीट भी की। इसी खबर लगने पर आटो चालकों ने हड़ताल कर दी और बोर्डिंग ग्राउंड पर ऑटो खड़े कर नारेबाजी शुरू कर दी।
सूचना मिलने पर सीओ सदर शिव प्रताप सिंह, कोतवाल विकास राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। समझाने के बाद ऑटो चालकों ने हड़ताल खत्म कर दी। ऑटो चालकों ने मारपीट करने वालों पर कार्रवाई की मांग की है। ऑटो चालक सलमान ने आरोप लगाया कि टेंपो चालक कन्नौज-गुरसहायगंज मार्ग पर ऑटो नहीं चलने देते हैं। लॉकडाउन में धंधा चौपट रहा, इससे ऑटो की किस्त तक अदा नहीं हो पा रही है। प्रभारी निरीक्षक ने मारपीट करने वाले टेंपो चालक पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।