कन्नौज। जिले बेहतर कानून व्यवस्था कायम करने के लिए आईजी कानपुर जोन मोहित अग्रवाल ने सदर कोतवाली का निरीक्षण किया। इस दौरान एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह और एएसपी विनोद कुमार भी उनके साथ रहे। आईजी ने सबसे पहले पुलिस अधिकारियों से कहा कि जमानत पर छूटने वाले अपराधियों को बुलाकर थाने के चबूतरे पर बैठाएं।
जिससे आने वाले लोग और सिपाही से लेकर दरोगा तक पहचान कर सकें। इसके बाद कोतवाली में तैनात बीट सिपाहियों से आईजी ने पूछताछ शुरू कर दी तो पुलिस अधिकारियों से लेकर सिपाहियों के पसीना आ गए। आईजी के पूछने पर कोई भी सिपाही प्रहरी ऐप के बारे में जानकारी नहीं दे सका।
इस पर उन्होंने फटकार लगाते हुए कहा कि प्रहरी एप के जरिए बीट सिपाही डीजीपी से लेकर आईजी, एडीजी और पुलिस कप्तान से बात करने के साथ सूचना दे सकता है। वहीं कार्यालय का निरीक्षण करने पर अपराध रजिस्टर और त्योहार रजिस्टर में मिली कमियों को जल्द कोतवाल विकास राय को ठीक कराने के निर्देश दिए। एसपी और एएसपी को सभी थानों में महिला हेल्प डेस्क की स्थापना की जाए। जिससे महिला फरियादी खुलकर महिला डेस्क पर मौजूद पुलिसकर्मी को अपनी शिकायत बात सकें।