कन्नौज। ब्लाक उमर्दा की ग्राम पंचायत खामा और तिलक सराय में 20 लाख रुपये का घोटाला उजागर हुआ है। ग्राम प्रधान और सचिव ने बिना काम कराए ही 20 लाख रुपये निकाल लिए। ग्रामीणों की शिकायत पर डीएम ने ने तीन सदस्यीय कमेटी से जांच कराई तो हकीकत सामने आ गई। प्रधान व सचिव से रिकवरी के आदेश दिए गए हैं।
ब्लाक उमर्दा की ग्राम पंचायत खामा में प्रधान पिंकी देवी व ग्राम विकास अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने ग्राम पंचायत में सीसी मार्ग निर्माण, चकरोड, नाली, खड़ंजा के निर्माण दिखाकर 8,07,597 का भुगतान करा लिया। इसी तरह ग्राम पंचायत तिलक सराय में प्रधान द्रौपदी देवी व सचिव गिरजेश तिवारी व रजनी सिंह ने विकास कार्यों के नाम पर 12,87,139 रुपये का भुगतान करा लिया। गांव में विकास कार्य न होने पर ग्रामीणों ने इसकी शिकायत डीएम राकेश कुमार मिश्रा से की।
उन्होंने तीन सदस्यीय टीम गठित की। इसमें ग्राम पंचायत खामा की मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अनिल कुमार सिंह व आरईडी के अवर अभियंता अनिल कुमार व ग्राम पंचायत तिलक सराय में डीडी कृषि डा. आरएन सिंह, डीपीआरओ जितेंद्र मिश्रा व डीआरडीए के एई हाकिम सिंह ने जांच की। इसमें बिना कार्य के भुगतान व कई काम के अधिक भुगतान दर्शाया गया। इसमें ग्राम पंचायत खामा में 8,07,597 रुपये जबकि ग्राम पंचायत तिलक सराय में 12,87,139 रुपये का घोटाला पाया गया। इस तरह दोनों ग्राम पंचायतों में 20,94,736 रुपये का घोटाला हुआ। डीएम के आदेश पर प्रधान व सचिवों से आधी-आधी धनराशि ग्राम पंचायत निधि के खाते में जल्द से जल्द जमा करने के आदेश दिए गए। ऐसा न करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।