कन्नौज। 451 किसानों ने नलकूप की बोरिंग कराने के बाद बिजली कनेक्शन के लिए कई महीने पहले रुपये जमा कर चुके हैं लेकिन उन्हें खंभे, तार और ट्रांसफार्मर आदि नहीं मिल पा रहे हैं। परेशान किसान अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के चक्कर लगा रहे हैं।
किसानों को छूट योजना और पूर्ण जमा योजना के तहत नल कूप के लिए बिजली कनेक्शन दिए जाते हैं। छूट योजना में सब्सिडी मिलती है। पिछले और चालू वित्तीय वर्ष में सैकड़ों किसानों ने कनेक्शन के लिए आवेदन किया है। इसमें पूर्ण जमा योजना के 105 और छूट योजना में 346 किसानों को अभी तक सामान नहीं मिल पाया है। बिजली विभाग के सूत्रों के अनुसार एक वर्ष से स्टोर में किसानों को देने के लिए मैटेरियल का टोटा है। सिफारिश वाले और प्रभावशाली किसानों को तो मैटेरियल दे दिया जाता है लेकिन सामान्य किसान चक्कर लगा रहे हैं।
ऊर्जा मंत्री तक पहुंच चुकी है शिकायत
किसानों को नलकूप का कनेक्शन का सामान न मिलने की शिकायत प्रदेश के ऊर्जा मंत्री तक पहुंच चुकी है। इसके बावजूद अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। ऊर्जा मंत्री ने किसानों का समस्या का निस्तारण करने के निर्देश दिए थे।
यह मैटेरियल मिले तो चले काम
निजी नलकूप के कनेक्शन को चालू करने के लिए बिजली के पोल के अलावा तार, एंसुलेटर, क्लैंप, ट्रांसफार्मर समेत कई अन्य मैटेरियल की जरूरत होती है। यह मैटेरियल बीते वर्ष अक्तूबर माह में समाप्त हो गया था। तब से विभाग यह उम्मीद लगा रहा था कि जल्द ही मैटेरियल भेजा जाएगा लेकिन आज तक विभाग ने किसानों की इस अहम समस्या पर ध्यान नहीं दिया। इससे किसान परेशान हैं।
वर्जन
स्टोर में निजी नलकूपों के कनेक्शन चालू कराने के लिए उच्च अधिकारियों से वार्ता की गई है। आश्वासन मिला है कि जल्द समस्या का निदान कराया जाएगा। जीपी यादव, अधीक्षण अभियंता कन्नौज।