कन्नौज। लंबे समय से अनुपस्थित चल रही तीन शिक्षिकों को बीएसए ने बर्खास्तगी का नोटिस जारी कर दिया है।
बीएसए केके ओझा ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय मल्लपुर्वा ब्लॉक गंगापुर की सहायक अध्यापक लीना शिवांगी 16 नवंबर 2012 से अनुपस्थित हैं। इसी तरह प्राथमिक विद्यालय गुनहा विकास खंड गुगरापुर की सहायक अध्यापक अमिता अरोड़ा 20 फरवरी 2013 से विद्यालय नहीं आ रही हैं। प्राथमिक विद्यालय गुरगुचपुर विकास खंड गुगरापुर के प्रधानाध्यापक देवेंद्र प्रताप सिंह 1 जुलाई 2020 से विद्यालय नहीं आ रहे हैं।
अनामिका शुक्ला प्रकरण के बाद देवेंद्र का नाम चर्चा में आया था, इन पर आरोप है कि फर्जी कागजातों के जरिए नौकरी पाई गई है। बीएसए ने बताया कि सेवा समाप्ति का अंतिम नोटिस तीनों शिक्षकों के पते पर भेज दिया गया है। इससे पहले भी इन्हें नोटिस दिए जा चुके हैं। 25 अगस्त तक सही कागजात प्रस्तुत नहीं किए या उपस्थित नहीं हुए तो यह मान लिया जाएगा कि तीनों शिक्षक अपने पद पर कार्य करने के लिए इच्छुक नहीं हैं।