छिबरामऊ। नगर में विकास कार्यों के लिए शासन ने धनराशि स्वीकृत कर दी है, अगले महीने तक धनराशि आ जाएगी। सभासद अपने अपने वार्ड में विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर लें। ये आश्वासन नगर पालिका बोर्ड की बैठक में अध्यक्ष राजीव दुबे ने दिया। पालिका लिपिक के संक्रमित निकलने के कारण बैठक जल्दी समाप्त कर दी गई।
पालिका सभागार में बुधवार को हुई बैठक में वार्ड 17 मोहल्ला दीक्षितान के सभासद सुशील पांडेय ने जलभराव की समस्या रखी। उन्होंने बताया कि मोहल्ले सराफान में गूदड़गड्डा तालाब भर गया है। इससे पानी सफरान व दीक्षितान को जोड़ने वाली सड़क पर भरा रहता है। जलभराव के चलते लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। जलनिकासी के लिए गुदड्गड्डा तालाब से मुंसिफी तक नाला बनवाया जाए।
इसके अलावा सभासद ने शुद्धि कार्यक्रमों के लिए स्नानघाट बनवाने का प्रस्ताव भी रखा। अध्यक्ष ने कहा कि शासन से बजट आते ही सभी काम प्राथमिकता के आधार पर निपटाए जाएंगे। बैठक में ईओ सुरेंद्र केसरवानी, सभासद सुशील पांडेय, अतुल वर्मा, शब्बीर खां, अरविंद गुप्ता, रानू कुरैशी, शम्मी दुबे, मो. वारिस, रानी, मंजरी दुबे, पूनम शाक्य, जलकल लिपिक हरिओम, बालगोविंद, प्रदीप कश्यप सहित सभी सभासद मौजूद रहे।