तिर्वा। एक्सप्रेस वे पर श्रमिकों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। चालक समेत चार लोग गंभीर घायल हुए। यूपीडा सुरक्षाकर्मियों ने घायलों को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया।
राजस्थान से 45 श्रमिकों को लेकर एक निजी बस आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे होते हुए बिहार जा रही थी। जैसे ही बस ठठिया थाना क्षेत्र के 202 किलोमीटर पर आई तो अनियंत्रित रूप से चल रही बस आगे चल रहे ट्रक में टकरा गई। बस टकराते ही एक्सप्रेस वे पर बस सवार श्रमिक चीखने-चिल्लाने लगे। वहां से निकल रहे वाहन चालकों ने हादसे की जानकारी यूपीडा सुरक्षाकर्मियों को दी। सुरक्षाकर्मियों ने बस के अंदर सवार श्रमिकों को बाहर निकलवाकर क्षतिग्रस्त बस को रेस्ट एरिया में खड़ा करा दिया। बस हादसे में बिहार प्रदेश के पारता निवासी बस चालक सुरजीत पुत्र जुग्गीराम, रानीगंज निवासी विजय पुत्र हीरानंद, सुरिया निवासी सुरेश, उदारा निवासी लालू पुत्र राधेश्याम को ज्यादा चोट लगी। इन्हें मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। सुरक्षाधिकारी अलख नारायण पांडेय ने बताया कि राजस्थान से बिहार जा रही यह बस ट्रक में पीछे से टकरा गई। चालक समेत चार लोग घायल हो गए। मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। बस क्षतिग्रस्त होने कारण उसे रेस्ट एरिया में खड़ा किया गया। बस में 45 श्रमिक सवार थे, सभी राजस्थान से बिहार जा रहे थे।
---------------------------------
डिवाइडर से टकराई कार, चालक घायल
ठठिया। आगरा से लखनऊ एक्सप्रेस वे होते हुए जा रही कार अचानक डिवाइडर से टकराकर पलट गई। कार सवार छत्तीसगढ़ के खरगौरा न्यू हाउसिंग बोर्ड कालोनी निवासी अभिषेक पुत्र राजकुमार घायल हो गए। मौके पर पहुंची यूपीडा एंबुलेंस ने उसे मेडिकल कालेज में भर्ती कराया।
संवाद