कन्नौज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने नई पेंशन योजना समाप्त कर पुरानी योजना बहाल करने की मांग की है। मंगलवार को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ(चंदेल गुट) के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार पाठक, जिला मंत्री रघुवीर सिंह यादव, प्रदेश संरक्षक राज बहादुर सिंह चंदेल ने जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र को 11 सूत्रीय मांग पत्र दिया।
प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित इस पत्र में नई पेंशन योजना समाप्त कर पुरानी योजना को बहाल करने की मांग की गई है। इसके अलावा योग्यता के आधार पर शिक्षकों को प्रोन्नत करने, अन्य राज्य कर्मचारियों की तरह चिकित्सीय सेवा मुहैया कराने, कंप्यूटर अनुदेशकों और व्यावसायिक शिक्षकों को पद पर नियुक्त करने की मांग है। इस दौरान रामानंद द्विवेदी, हरिबक्स सिंह, सुभाष चंद्र कनौजिया, सुखदेव सिंह, महेंद्र सिंह, आशुतोष तिवारी, जुनैद हसन आदि मौजूद रहे।