गुगरापुर (कन्नौज)। जीटी रोड पर सफीपुर जप्ती गांव के पास मंगलवार सुबह ट्रक की टक्कर से मारुति वैन सवार युवक की मौत हो गई और उसकी पत्नी, बेटा व भाई घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत के चलते डॉक्टर ने कानपुर रेफर कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
शहर के मोहल्ला हाजी शरीफ निवासी राशिद (27) पुत्र आमिर खान मंगलवार को वैन से फर्रुखाबाद के एक रिश्तेदार के यहां से लौट रहे थे। वैन में उनके साथ पत्नी कासिमा बेगम (25), बेटा अरशद (4) और भाई गुड्डू (40) भी थे। सुबह करीब आठ बजे गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के सफीपुर जप्ती गांव के पास जीटी रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने वैन में टक्कर मार दी।
हादसे में राशिद की मौके पर ही मौत हो गई और बेटा, पत्नी और भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। कोतवाल राजा दिनेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायलों गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल से कानपुर रेफर कर दिया गया है।
बाइक की टक्कर से युवक घायल
सौरिख। क्षेत्र के ग्राम नगला हीरा निवासी रामलड़ैते पुत्र मुखलाल सोमवार देर रात मजदूरी कर पैदल घर लौट रहा था। हरभानपुर रोड पर पीछे से तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। इससे रामलड़ैते उछलकर दूर जा गिरा। बाइक सवार युवक बाइक को छोड़कर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर कर दिया। संवाद
खाई में गिरी कार, चालक घायल
सौरिख। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। ग्रामीणों ने घायल को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
सकरावा निवासी सोनेलाल पुत्र बदन सिंह मंगलवार सुबह कार से सलेमपुर गांव निवासी मौसा अनिल पाल के यहां जा रहा था। सलेमपुर गांव के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में सोनेलाल गंभीर घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सोनेलाल को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर कर दिया। संवाद