छिबरामऊ। डीएम और एसपी मंगलवार को नगर के बाजार का जायजा लेने पहुंचे तो ज्यादातर दुकानदार बगैर मास्क के दिखे। दुकानों के बाहर भीड़ लगी मिली और ज्यादातर ग्राहक भी मास्क नहीं लगाए थे। इसके बाद अधिकारियों ने कोतवाली में व्यापारी नेताओं संग बैठक कर कहा कि पहले सभी दुकानदार मास्क लगाएं, दुकानों के बाहर भीड़ घटाएं, बिना मास्क वाले ग्राहकों को लौटाएं तभी दोनों तरफ की दुकानें खोलने का फैसला लिया जा सकता है। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने कोतवाली का साफ सफाई और सैनिटाइज करवाने के निर्देश दिए।
नगर के व्यापारी सड़कों के दोनों तरफ की दुकानें खुलवाने की मांग कर रहे थे, इसके लिए वह अधिकारियों से लेकर विधायक तक से मिले। इस पर मंगलवार को जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र और एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने बाजार की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे। दुकानों पर बैठे ज्यादातर दुकानदार मॉस्क नहीं लगाए थे। दुकानों के बाहर सामाजिक दूरी का पालन भी नहीं किया जा रहा था। ज्यादातर ग्राहक भी मास्क नहीं लगाए दिखे। निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी कोतवाली पहुंचे और वहां व्यापारी नेताओं को बुलाया।
व्यापारियों से बातचीत में जिलाधिकारी ने बाजार में व्यापारी कोरोना महामारी से बचाव के लिए बनाए गए नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। जब तक नियमों का पालन नहीं किया जाएगा तब तक एक तरफ दुकानें खोलने की व्यवस्था ही लागू रहेगी। कोरोना से बचाव के लिए मास्क और सामाजिक दूरी ही एकमात्र उपाय है। व्यापारी दुकानों पर मॉस्क लगाकर बैठें और मास्क लगाकर आने वाले ग्राहकों को ही सामान दें। व्यापारी नेताओं ने जिलाधिकारी से कहा कि दो दिन के अंदर नगर के सभी ट्रेड के व्यापारियों के साथ बैठक कर उन्हें कोरोना महामारी से बचाव के नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जाएगा। बैठक में व्यापारी और नगर पालिका अध्यक्ष राजीव दुबे, उद्योग व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष रामानंद वर्मा, नगर अध्यक्ष सुरेश वर्मा पेंटर, गोपाल चतुर्वेदी, शिवकुमार शर्मा और कोतवाल शैलेंद्र कुमार मिश्र मौजूद रहे।
मास्क न लगाने वालों की बंद करा दी जाएंगी दुकानें
बैठक में डीएम ने गुरसहायगंज के व्यापारियों को दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरसहायगंज। डीएम राकेश कुमार मिश्र और एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने मंगलवार को कोतवाली में कस्बे के व्यापारियों के साथ बैठक की। इसमें डीएम ने कहाकि बिना मास्क लगाए कोई भी व्यापारी दुकान पर नहीं बैठेगा और ना ही बिना मास्क वाले ग्राहक को सामग्री ही बेचेगा। नियमों का पालन न करने वालों की दुकानें बंद करा दी जाएंगी।
व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष विजय दुबे ने सड़क के दोनों तरफ की दुकानें खोलने की मांग रखी। इस पर डीएम ने कहा कि अभी इस पर विचार नहीं किया जा रहा है। पहले लोग अपनी सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान दें और इसके बाद पूरा बाजार खोलने पर चर्चा की जाएगी। व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता ने व्यापारियों से कहा है कि वह लोग प्रशासन का सहयोग दें और प्रशासन के दिशा निर्देशों का पालन करें। एसपी ने कहा कि लोग खुद नियमों का पालन करें जिससे पुलिस को हस्तक्षेप ना करना पड़े। मुख्य मार्ग पर फल की ठेलियों पर लगने वाली भीड़ को देखते हुए एसपी ने कहा कि तिराहे से पूर्वी रेलवे क्रासिंग फाटक तक नो वेंडिंग जोन बनाने पर विचार किया जा रहा है। बैठक में सभासद राम कुमार पाठक, सुशील राठौर, अवधेश गुप्ता भाजपा नगर अध्यक्ष अनुराग गुप्ता, परशुराम देवल, विकास गुप्ता, अमित गुप्ता और कोतवाल राजा दिनेश सिंह मौजूद रहे।
मास्क न लगाने वालों के काटे चालान
तिर्वा। सोमवार को कस्बे का निरीक्षण करने आए डीएम और एसपी को दुकानदार बिना मास्क लगाए व दुकानों के सामने सामाजिक दूरी का पालन न होते मिला था। डीएम ने इस पर नाराजगी जाहिर की थी। मंगलवार को एसडीएम जयकरन और सीओ दीपक दुबे, कोतवाल इंद्रपाल सरोज ने मास्क न लगाने वालों की जांच की। मास्क न लगाने वाले राहगीरों व दुकानदारों के पांच-पांच सौ रुपये के चालान काटे। एसडीएम ने दुकानदारों से कहा कि दुकानों के सामने भीड़ न लगाएं। दुकान के सामने गोले बनवाएं और नियमों का पालन करें, नहीं कार्रवाई की जाएगी। संवाद