छिबरामऊ। बार एसोसिएशन छिबरामऊ के पदाधिकारियों ने पूर्व राज्यमंत्री और विधायक अर्चना पांडेय को पत्र भेजकर तहसील के राजस्व न्यायालयों में अपर जिला शासकीय अधिवक्ता राजस्व का पद सृजित कराने की मांग की है।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र श्रीवास्तव जीतू, महासचिव ललित प्रताप सिंह व पंकज मिश्रा ने शुक्रवार को दिए पत्र में कहा कि छिबरामऊ जनपद की सबसे बड़ी तहसील है। यहां कई राजस्व न्यायालय संचालित हैं और राजस्व वादों की संख्या भी काफी है।
यहां अपर जिला शासकीय अधिवक्ता राजस्व का पद न होने के कारण सरकार की ओर से वादों की पैरवी समुचित ढंग से नहीं हो पा रही है। यदि राजस्व न्यायालयों के लिए अपर शासकीय अधिवक्ता राजस्व का पद सृजित हो जाता है तो वादकारियों व सरकार के मुकदमों में समुचित पैरवी हो सकेगी और उनके निस्तारण यथाशीघ्र हो सकेंगे। ऐसे में वादकारी हित को देखते हुए अपर शासकीय अधिवक्ता राजस्व का पद सृजित कराया जाए।