गुरसहायगंज उपकेंद्र पर कर्मचारियों से बातचीत करते एसडीओ बिजली।
- फोटो : KANNAUJ
गुरसहायगंज। करंट से झुलसे विद्युत उपकेंद्र ऑपरेटर की मौत के बाद उनके आश्रितों को मुआवजे की मांग को लेकर बिजली कर्मचारियों ने गुरसहायगंज और 12 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति ठप कर दी। जेई के समझाने पर कर्मचारी नहीं माने तो एसडीओ पहुंचे और एक्सईएन से बात कर मुआवजे का आश्वासन दिया। एक्सईएन से तीन लाख रुपये मुआवजे का आश्वासन मिलने पर कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त की। करीब 5:30 घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो पाई।
विद्युत उपकेंद्र पर तैनात ऑपरेटर विजय सिंह 12 जुलाई की रात 10 एमबीए के ट्रांसफार्मर का फ्यूज बांधते समय झुलस गए थे। एक उपभोक्ता की सूचना पर बिजली विभाग के कर्मियों ने उन्हें सीएचसी पहुंचाया, जहां से फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया था। हालत में सुधार ना होने पर वहां से कानपुर भेज दिया गया। शुक्रवार सुबह विजय सिंह ने दम तोड़ दिया। इसकी सूचना पर संविदा लाइनमैन राजेश सविता, संतोष सिंह,संजय सिंह, जावेद, अतुल दुबे, मुकेश, धर्मवीर, शिवसागर, रामजीवन, अमलेश, वीरेश आदि ने सबस्टेशन पहुंचे और मृतक साथी के आश्रितों को मुआवजे की मांग को लेकर सुबह करीब 6:30 बजे गुरसहायगंज और आसपास के 12 से अधिक गांव की बिजली आपूर्ति काट दी।
सूचना पर पहुंचे अवर अभियंता विकास कुमार ने कर्मचारियों को समझाया लेकिन वह नहीं माने। करीब 11 बजे एसडीओ कुलदीप राजपूत उपकेंद्र पहुंचे और कर्मचारियों से बात कर परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने छिबरामऊ एक्सईएन रविंद्र कुमार को भी सूचना दी। एक्सईएन ने कर्मचारियों से वार्ता की और तत्काल मृतक की पत्नी को तीन लाख मुआवजा देने का आश्वासन दिया। इसमें दो लाख रुपये शीघ्र देने की बात कही गई है। मुआवजे के आश्वासन पर कर्मचारी मान गए और करीब 12 बजे आपूर्ति बहाल कर दी। बिजली कर्मचारियों के हड़ताल के बाद हंगामे की आशंका के चलते उपकेंद्र पर पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया गया था।