कन्नौज। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी में पात्र की जगह अपात्रों को शामिल करने की जांच अभी चल रही थी कि अब सभासदों ने शहर के दो मोहल्लों में लगाए गए छह इंच के सबमर्सिबल पंप के नाम पर लाखों रुपये की गड़बड़ी की आशंका जताई है। इसमें एक सबमर्सिबल पंप पर 3,79,940 रुपये का बिल पास किया गया जबकि अगर कोई सामान्य व्यक्ति छह इंच का सबमर्सिबल पंप लगवाता है तो करीब एक लाख रुपये का खर्च आता है। बिल बाउचर में अधिक रुपये का बिल पास करने पर सभासदों ने डीएम को एक प्रार्थना पत्र देकर जांच कराने की मांग की है।
शहर के मोहल्ला मोहल्ला चौहट्टा में शिव मंदिर के पास और इसी मोहल्ले की दूसरी गली में नगर पालिका ने सबमर्सिबल पंप लगवाए हैं। शिव मंदिर के पास लगे सबमर्सिबल पर 3,79,940 और दूसरे समबर्सिबल पर 3.32 लाख रुपये का भुगतान किया गया है। बिल पीडब्ल्यूडी के जेई अरुण कुमार ने पास किया है। वार्ड नंबर 10 के सभासद अनिल वर्मा और वार्ड नंबर 12 की सभासद पूनम अवस्थी के पति पवन अवस्थी जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर जांच की मांग की है। सभासदों का तर्क है कि छह इंच के निजी सबमर्सिबल लगाने में करीब एक लाख रुपये ही खर्च आता है। नगर पालिका ने तीन गुना अधिक में सबमर्सिबल लगाकर सरकारी धन में गोलमाल किया है।
-------
रिश्तेदार को दिए गए ठेके
सभासदों ने बताया नगर पालिका में सड़क निर्माण समेत 10 से अधिक बड़े काम होने हैं। इसमें नौ ठेके चहेतों व रिश्तेदार को दिए हैं। गलत तरीके से अधिक रुपये के बिल पास करवाए जा रहे हैं। इसकी भी जांच कराने की मांग की गई है।
----------
कोट...
शहर के मोहल्ले में लगाए गए सबमर्सिबल पंप सरकारी दरों के हिसाब से लगे हैं। बाजार में ये कितने में लगते हैं इसकी जानकारी नहीं है। अगर किसी मोहल्ले में सबमर्सिबल पंप बंद है तो जांच की जाएगी।
-अरुण कुमार, जेई पीडब्लयूडी
सबमर्सिबल पंप लगाने का बिल जेई पास करते हैं, मुझे इसकी अधिक जानकारी नहीं है। अगर शिकायत मिलती है तो जांच कराई जाएगी। गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई होगी।
-संजय गौतम, ईओ नगर पालिका कन्नौज