कन्नौज। नेहरू युवा केंद्र की ओर से युवा कौशल दिवस पर आयोजित वर्चुअल बेबिनार में सांसद सुब्रत पाठक ने युवाओं से व्यापार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि छोटे उद्योग और व्यापार के लिए पर्याप्त संसाधन हैं। विशिष्ट अतिथि अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मनुपाल रहीं।
जिला युवा समन्वयक रोहित त्रिपाठी की ओर से आत्मनिर्भर भारत में युवाओं की भूमिका विषय पर वर्चुअल बेबिनार का आयोजन किया गया। इसमें 438 युवाओं ने आवेदन कर पंजीकरण कराया। युवाओं को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि कन्नौज में संसाधनों की कमी नहीं है। जिले में पैदा होने वाले आलू से युवा चिप्स, पापड़ बनवाकर लघु उद्योग शुरू कर सकते हैं।
परफ्यूम और इत्र कारोबार के साथ ही वह लोग अगरबत्ती बना सकते हैं। जिला युवा समन्वयक ने युवाओं को बैंक से मिलने वाले ऋण योजना के बारे में जानकारी दी। इस दौरान अंशु अग्रवाल, अजय कुमार, चकरेश, विवेक, शिवांग, सपना, लवकुश, निराला, हर्ष, वैभव, रामनिवास और दीप्ती मौजूद रहीं।