छिबरामऊ। एक तरफ दुकानें खोलने की व्यवस्था में बदलाव न होने से परेशान व्यापारी बुधवार को विधायक और पूर्व राज्यमंत्री अर्चना पांडेय से उनके आवास पर मिले। व्यापारियों ने पूर्व मंत्री से हस्तक्षेप कर व्यवस्था में बदलाव कराने की मांग की। पूर्व राज्यमंत्री ने फोन पर डीएम से बात करने के बाद व्यापारियों से 30 जुलाई तक धैर्य रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि व्यापारियाें की पीड़ा समझ रही हैं लेकिन स्वास्थ्य व सुरक्षा भी जरूरी है।
बजरिया स्थित पूर्व राज्यमंत्री के आवास पर पहुंचे व्यापारियों ने कहा कि नई व्यवस्था में सप्ताह में दो और महीने में सिर्फ दस दिन ही दुकानें खुल पाएंगे। इससे व्यापारियों को घर चलाने तक में दिक्कत हो जाएगी। दो दिन लॉकडाउन में बंदी होनी है तो एक तरफ दुकानें खोलने की व्यवस्था में बदलाव कर पांचों दिन सभी दुकानें खोलने का आदेश दिलाया जाए। मिंटू गुप्ता, सलीम, पप्पू गुप्ता, राजू ठाकुर, नेहा गुप्ता, नीलू बाथम, गोपाल लाला, शहनूर, फरहान, सफी मौजूद रहे।