एसडीएम को ज्ञापन सौंपते आप पदाधिकारी।
- फोटो : amau ujala
सराफा व्यवसायियों पर लगाई जाने वाली एक्साइज ड्यूटी के विरोध में आम आदमी पार्टी भी उतर आई है। सोमवार को आप पार्टी के जिला सचिव प्रवीण पाठक के नेतृत्व में जुटे प्रतिनिधि मंडल ने एसडीएम को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा। सोमवार को आमआदमी पार्टी के पदाधिकारी बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष व आप के ब्लाक संयोजक राजेश शाक्य एडवोकेट के चैंबर में एकत्र हुए।
आप के जिला सचिव प्रवीण पाठक ने कहा कि स्वर्णकारों पर लगाई जाने वाली एक्साइज ड्यूटी का आप पूरी तरह विरोध करती है। उन्होंने इसे तुरंत वापस लेने की मांग की। कहा कि एक्साइज ड्यूटी लगाने से सरकार का रेवन्यू नहीं बढ़ेगा, लेकिन भ्रष्टाचार जरूर बढ़ जाएगा और स्वर्णकारों की समस्याएं भी काफी बढ़ जाएंगी। कहा कि पूरे देश में ज्वैलरी का उद्योग दुनिया में मशहूर है। सरकार को इसको बढ़ावा देना चाहिए न की सरकारी नीतियों से इसका गला घोंटना चाहिए।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार मेक इन इंडिया की बात करती है, लेकिन सरकार की गलत नीतियों से व्यापारियों और कारोबारियों के सामने परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को चाहिए कि वह एक्साइज ड्यूटी के निर्णय को वापस ले। इसके बाद सभी कार्यकर्ता एसडीएम कार्याल पहुंचे और वहां राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम महेशप्रसाद दीक्षित को सौंपा।