बीआरसी पर मंगलवार को प्राथमिक शिक्षक संघ की मासिक बैठक आयोजित हुई। इसमें संगठन ने एसएमएस से उपस्थिति देने का विरोध किया। बैठक में कहा गया कि अवकाश की अवधि में शिक्षकों को गैर शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखा जाए। प्रशासन को जरूरत पड़ती है तो शिक्षकों को बाद में उतने ही दिन का उपार्जित/अर्जित अवकाश दिया जाए।
वित्त एवं लेखाधिकारी से लेखापर्ची निर्गत कराई जाए, कार्यरत बीटीसी 2004 बैच के अध्यापकों के प्रशिक्षण अवधि का बकाया मानदेय आठ माह की धनराशि निर्गत कर दी गई है। उक्त धनराशि का भुगतान कराया जाए। पुनरीक्षित वेतनमान 17140 की विसंगति दूर करने के लिए कार्यरत सभी प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय के सहायक अध्यापकों की संयुक्त वरिष्ठता सूची जारी की जाए।
ताकि शिक्षकों को वेतन में धारा 22 बी का लाभ मिल सके। संकुल प्रभारियों पर बिना खंड शिक्षाधिकारी की संस्तुति के कार्यवाही न की जाए। इस मौके पर जिलाध्यक्ष उदयनरायण सिंह यादव, चंद्रलता त्रिपाठी, कुलदीप यादव, अमर सिंह, अनूप मिश्रा, रामेंद्र पाल, राहुल मिश्रा, मनोज वर्मा, वसीउद्दीन सिद्दीकी, रवी त्रिपाठी, प्रवीण यादव, रमा मिश्रा आदि मौजूद रहे।