तिर्वा। एक्सप्रेसवे पर अज्ञात वाहन ने ट्रक के परिचालक को टक्कर मार दी। उसे जख्मी हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरें ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हरदोई में उसके परिजनों को जानकारी दी। यहां पहुंचे परिजनों ने शव को देखा तो उनमें कोहराम मच गया।
हरदोई जनपद के पिहानी निवासी तसव्वुर (35 ) पुत्र तफज्जुल एक ट्रक पर परिचालक था। रविवार की रात ट्रक झांसी से मौरंग ले कर आ रहा था। ट्रक को उसी के गांव का सोनू चला रहा था। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से गुजरते समय सौरिख थाना क्षेत्र के कट पर ट्रक को खड़ा कर वह शौच के लिए उतर गया। एक्सप्रेसवे की लाइन क्रॉस करते समय पीछे से आए एक तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कार मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचे यूपीडा कर्मचारियों ने घायल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। वहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने चालक से जानकारी लेकर मृतक के परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।