कन्नौज। पहले ही बाजार से गायब हो चुके दो हजार रुपये के नोट बदलने को लेकर लोगों में दिलचस्पी नहीं है। रिजर्व बैंक के निर्देश पर बैंकों में मंगलवार से नोट बदलने की सुविधा तो शुरू हुई हैए लेकिन कोई गहमागहमी नहीं दिखी। किसी बैंक में अलग से लाइन लगी, न ही जमा करने की होड़ दिखी। बैंकों में आम दिनों की ही तरह लेनदेन का काम होता रहा। इक्का-दुक्का लोग ही नोट बदलवाने पहुंचे। उन्होंने भी इस पर बात करने से मना किया।
दरअसल, वर्ष 2016 के नवंबर में हुई नोटबंदी की ही तर्ज पर इस बार भी लोग दो हजार के नोट को चलन से बाहर होने की बात को लेकर असमंजस में थे। लोगों के बीच यह बात भी चर्चा में थी कि जब बाजार में काफी समय से दो हजार रुपये के नोट दिख ही नहीं रहे हैं तो इसे बदलवाने कौन पहुंचेगा। ऐसे में मंगलवार से जब नोट के बदलने की व्यवस्था शुरू हुई तो सभी की निगाहें बैंक आने-जाने वालों पर लगी रहीं। हालांकि सुबह से लेकर दोपहर और फिर शाम हो गई। बैंक में लाइन लगने या गहमा-गहमी जैसा कोई नजारा नहीं दिखा। कमोबेश सभी बैंकों में आम दिनों की ही तरह काम होता रहा। खाताधारक अपने लेनदेन और बैंक से जुड़े दूसरे काम के सिलसिले में पहुंचते रहे। कुछ लोग नोट बदलवाने पहुंचे भी तो वह सीधे कैश काउंटर पर गए और नोट बदल कर वापस हो गए। कहीं किसी तरह की आपाधापी नहीं दिखी।
23सीएचबीपी66: भारतीय स्टेट बैंक में पसरा सन्नाटा। संवाद
छिबरामऊ में भी नोट बदलने को लेकर कोई हलचल नहीं
छिबरामऊ। दो हजार का नोट बदलने के लिए पहले दिन बैंकों में सामान्य स्थिति रही। कुछ लोग नोट बदलने के लिए बैंक में गए लेकिन काम सामान्य दिनों की तरह की चलता रहा। भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक, ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स, यूनियन बैंक, आर्यावर्त ग्रामीण बैंक सहित सभी बैकों में सामान्य दिनों की तरह ही कार्य हुआ। अमर उजाला टीम ने कई बैकों में जाकर देखा तो रोज की तरह बैकों में काम चल रहा था। किसी भी काउंटर पर भीड़ नहीं थी। जब इस संबंध में भारतीय स्टेट बैंक में मैनेजर विपिन शुक्ला से पूछा तो उन्होंने बताया कि कुछ लोग नोट बदलने के लिए आए और कुछ खातों में दो हजार के नोट जमा करने के लिए आए।
-
बाजार से गायब नोट पहुंच रहे बैंक
तिर्वा। तिर्वा में मंगलवार को आर्यावर्त बैंक में दो हजार रुपये के नोट जमा करवाने के लिए लोग पहुंचे। तिर्वा खास शाखा के कैशियर शोभित कुमार ने बताया कि पहले दिन भर में करीब 50 नोट ही आते थे। अब जिस दिन से दो हजार के नोट को लेकर फरमान जारी हुआ है तबसे रोजाना करीब दो से तीन सौ नोट आ रहे हैं। आर्यावर्त बैंक मैनजर सुनील त्रिवेदी ने बताया कि दो हजार रुपये का नोट बदलने के लिए मंगलवार को पांच से छह लोग आए हैं। जिनका आसानी से नोट बदलकर दूसरी मुद्रा दे दी गई। एचडीएफसी बैंक मैनजर मोहित त्रिपाठी ने बताया कि पिछले दिनों से दो हजार के नोट जमा करने की संख्या बढ़ गई है। मंगलवार को करीब 10 से अधिक लोगों ने दो हजार के नोट को जमा कर बदला है।