तालग्राम। स्पोर्ट्स कालेजों में कक्षा छह, नौ व 11 में खिलाड़ियो के लिए दाखिला लेने का सुनहरा मौका है। उत्तर प्रदेश स्पोर्ट्स कॉलेज समिति से संचालित स्पोर्ट्स कॉलेजों में वर्ष 2026-27 के लिए संभावित 518 सीटों को भरे जाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आवेदन खेल साथी पोर्टल के माध्यम से भरे जाएंगे।
अभ्यर्थी निर्धारित शुल्क 200 रुपये जमा कर ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। आवेदन में यू-डाइस पोर्टल से जारी पेन अनिवार्य किया गया है। आयु सीमा की बात करें तो कक्षा छह के लिए नौ से 12 वर्ष, कक्षा नौ के लिए 12 से 15 वर्ष और कक्षा 11 के लिए 15 से 17 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना एक अप्रैल 2026 के आधार पर होगी।
स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल, स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर में वॉलीबॉल, कुश्ती, जिम्नास्टिक, बैडमिंटन, जूडो, हॉकी, स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, कुश्ती, तैराकी, स्पोर्ट्स कॉलेज फतेहपुर में एथलेटिक्स, हैंडबॉल, कुश्ती और स्पोर्ट्स कॉलेज सहारनपुर में हॉकी, बॉक्सिंग, जूडो, भारोत्तोलन आदि खेल संचालित है। जिला क्रीड़ाधिकारी नूर हसन ने बताया कि स्पोर्ट्स कालेजों में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रारंभिक चयन परीक्षा का ट्रायल मंडल स्तर पर होगा।