तिर्वा। राजकीय मेडिकल कालेज के इमरजेंसी वार्ड में बुधवार की दोपहर बुखार से पीड़ित एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं उमर्दा विकास खंड की ग्राम सभा खामा में एक दर्जन लोग वायरल फीवर की चपेट में आने से बीमार हैं। इनमें चार लोगों को मेडिकल कालेज में भर्ती किया गया है। ग्राम प्रधान ने सीएचसी तिर्वा प्रभारी को सूचना देकर गांव में स्वास्थ्य टीम गांव भेजे जाने की मांग की है।
तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के सुक्खापुर्वा गांव निवासी गौरव कुमार (25) पुत्र रामचंद्र को उसकी मां सियादुलारी ने सुबह 10 बजे के करीब मेडिकल कालेज की इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया था। गौरव कई महीनों से तेज बुखार से पीड़ित चल रहा था। करीब दो घंटे के उपचार के बाद उसने दम तोड़ दिया।
खामा गांव के लोगों के मुताबिक गांव में पूजा (15), कोमल (10), पुत्री सुरेंद्र सिंह, अरुण (12), नीलेश (8) पुत्रगण सतेंद्र दुबे, ब्रह्म देवी (50) पत्नी हरीशंकर, रवि (6) पुत्र रामसेवक, रामबेटी (65) पत्नी रामस्वरुप, लाली (45), पत्नी रामजी, किरन देवी पत्नी सुरेश, रामजी (50) पुत्र सुंदरलाल पिछले तीन दिन से तेज बुखार से पीड़ित हैं। बुधवार को पूजा, कोमल, अरुण व नीलेश को उपचार के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती गया। ग्राम प्रधान पिंकी सिंह ने बताया कि इसके अलावा कुछ बीमार चल रहे हैं। उन्होंने सीएचसी तिर्वा प्रभारी डा.अवधेश सिंह से मिलकर स्वास्थ्य टीम भेजे जाने की मांग रखी है। सीएचसी प्रभारी ने बताया कि गुरुवार की सुबह गांव में टीम भेजी जा रही है।