जीटी रोड बहादुरपुर उज्जैना गांव के निकट अनियंत्रित रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पंद्रह वर्षीय किशोर गंभीर रुप से घायल हो गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया। दोनों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां एक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शहर के मोहल्ला काजीटोला निवासी मोहम्मद आकिब (18) पुत्र मो.असलम अपने साथी सारिक (15) पुत्र साजिद को बाइक पर बैठाकर सुबह 7 बजे के करीब हरदोई रोड तिराहा की ओर जा रहा था। जैसे ही वह बाइक लेकर बहादुरपुर उज्जैना गांव के निकट पहुंचा। तभी तेज रफ्तार आ रही रोडवेज ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे दोनों बस के नीचे पहुंच गए। दुर्घटना देख आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में पुलिस के सहयोग से दोनों को उठाकर जिला अस्पताल लाया गया। मामले में बस के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।