संवाद न्यूज एजेंसी
छिबरामऊ। कोतवाली में आयोजित थाना समाधान दिवस में पहुंची ग्राम नौगांईं की विधवा ने कॉलेज की बाउंड्री बनाकर कुछ लोगों पर पांच बिस्वा जमीन कब्जा करने का आरोप लगाया है। एसडीएम ने राजस्व कर्मियों को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
कोतवाली में एसडीएम अशोक कुमार की अध्यक्षता में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। थाना समाधान दिवस में पहुंची क्षेत्र के ग्राम नौगांईं निवासी फूलकुंवरि पत्नी ने बताया कि वह बेसहारा व गरीब महिला है। उसके पड़ोसी ने अवैध रूप से कॉलेज की बाउंड्री कहकर उसकी पांच बिस्वा जमीन पर कब्जा कर लिया है। कई बार समझाने पर उसे जान से मारने की धमकी देते हैं और उसकी जमीन पर जबर्दस्ती कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। उसने कई बार इसकी शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। क्षेत्र के ग्राम नौली निवासी रमेश चंद्र पुत्र फकीरेलाल जाटव ने बताया कि उसको कई साल पहले कृषि पट्टा आवंटित किया गया था, जिस पर वह कब्जा दाखिल है। जिस पर कसियापुर के कुछ लोगों ने खड़ी फसल व चारा को जोतकर नष्ट कर दिया है। मौके पर पहुंचकर जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर भगा दिया। आरोपी पहले भी उसकी पट्टे की जमीन पर कब्जे का प्रयास कर चुके हैं। थाना समाधान दिवस में राजस्व की आठ व पुलिस की एक शिकायत आई। जिसमें दो शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। एसडीएम ने सभी राजस्व कर्मियों को मौके पर जाकर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस दौरान सीओ दीपक दुबे, कोतवाल अजय पाठक, अतिरिक्त निरीक्षक राधेश्याम, लेखपाल अजय सिंह, देवेंद्र कुमार, श्रीकांत, रोहित कुमार, मुहम्मद हुसैन, अभिनय प्रताप, विमल किशोर मिश्रा
आदि मौजूद रहे।