पुलिस लाइन में बने अत्याधुनिक कंट्रोल रूम व वायरलेस सिस्टम की हकीकत जांचने राज्य रेडियो अधिकारी पुलिस लाइन पहुंची। यहां संचालित नेटवर्किंग सिस्टम के बारे में जांच-पड़ताल की। इस दौरान बीएसएनएल की खराब सेवा के बारे में जानकारी दी गई।
राज्य रेडियो अधिकारी लखनऊ सुनीता शर्मा व सहायक रेडियो अधिकारी फर्रुखाबाद-कन्नौज अनिल कुमार दोपहर पुलिस लाइन पहुंचे। जहां उन्होंने अत्याधुनिक कंट्रोल रूम के काम करने की हकीकत जांची। इस दौरान बताया गया कि बीएसएनएल की सेवा अक्सर ध्वस्त रहती है। इस कारण नेटवर्किंग सिस्टम सही तरीके से काम नहीं कर पा रहा है।
कई बार शिकायत करने के बावजूद अभी तक सिस्टम दुरुस्त नहीं किया गया है। इसके अलावा उन्होंने जिले में वायरलेस सिस्टम के बारे में जानकारी ली। बाद में एसपी कलानिधि नैथानी से मुलाकात की। इस दौरान एसपी ने बताया कि जिले में हैंड वायरलेस सेटों की कमी है। जिस कारण प्रत्येक दरोगा के पास सेट उपलब्ध नहीं है।
उनकी लोकेशन जांचने में दिक्कतें आ रही हैं। अधिकारी ने आश्वासन दिया कि जल्द इस समस्या का निदान करा दिया जाएगा। जिले से गायब हो रहे मंहगे मोबाइल सेटों के संबंध में उन्होंने कहा कि महंगे मोबाइल सेट चोरी हो जाने के बाद दूसरे पड़ोसी देशों में बिक्री कर दिए जाते हैं। जिससे उनकी सर्चिंग के बाद भी लोकेशन नहीं मिल पाती है।
करीब दो घंटे तक जिला मुख्यालय पर रुकने के दौरान उन्होंने पूरे नेटवर्किंग सिस्टम को भली भांति परखा और थानाध्यक्षों की गाड़ियों और चीता मोबाइल की लोकेशन को स्क्रीन पर देखा। इस दौरान पुलिस अधीक्षक से कहा कि कन्नौज में सिस्टम चंद समय में ही तैयार कर दिया गया है। अब इसका संचालन बेहतर तरीके से कराया जाए। जिससे अपराधिक तत्व पुलिस के शिकंजे में फंस सके।