कन्नौज। अभी तक मेडिकल कॉलेजों में ही पीजी की पढ़ाई होती थी पर अब जिला अस्पताल में भी पीजी की पढ़ाई होगी। जिला अस्पताल के नेत्र विभाग को चार सीटें आवंटित की गई हैं। जल्द ही अस्पताल में एमबीबीएस के छात्र पीजी की पढ़ाई करने के लिए आएंगे। पीजी की पढ़ाई के लिए प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
एमबीबीएस के छात्रों को पीजी डिग्री (पोस्ट ग्रजुएशन) के लिए अभी तक राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पढ़ाई करनी पड़ती थी पर अब जिला अस्पतालों में भी पीजी कक्षा संचालन का रास्ता साफ हो गया है। जिला अस्पताल में नेत्र विभाग को पीजी की कक्षा संचालन के लिए चार सीटें मिल गई हैं। पीजी की सीटें मिलने से नेत्र विभाग में व्यवस्थाएं तो बेहतर होंगी ही, इसके अलावा नेत्र रोगियों को भी बेहतर इलाज मिलेगा। नेत्र विभाग में कक्षाओं के संचालन और पुस्तकालय कक्ष भी तैयार किए जा रहे हैं। एमबीबीएस के छात्रों को डॉ. एपी सिंह और डॉ. अर्जुन सिंह सारंग पढ़ाएंगे, जिसकी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। सीएमएस डॉ. शक्ति बसु का कहना है कि जिला अस्पताल के नेत्र विभाग में पीजी कक्षाओं का संचालन जल्द शुरू होगा। पीजी की चार सीटों पर नई दिल्ली के एनबीई (नेशनल बोर्ड ऑफ एक्जाम) की ओर से अनुमति मिल गई है। कक्षाओं के संचालन की तैयारी शुरू कर दी गई हैं।
अस्पताल प्रशासन कर रहा था प्रयास
जिला अस्पताल प्रशासन पीजी सीटों के लिए काफी समय से प्रयास कर रहा था। अस्पताल प्रशासन की मेहनत रंग लाई और एनबीई (नेशनल बोर्ड ऑफ एक्जाम) ने पीजी सीटों के लिए अनुमति दे दी।