तिर्वा। गरीब और असहाय लोगों को समय पर राशन उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। अब गांव-गांव खुली सरकारी राशन की दुकानें प्रतिदिन निर्धारित समय पर खोली जाएंगी। शासन के आदेश अनुसार दुकानें सुबह आठ से 12 और दोपहर दो से छह बजे तक खुलेंगी।
तिर्वा के पूर्ति निरीक्षक अंकित अग्रवाल ने बताया कि सरकार का उद्देश्य है कि पात्र लोगों को समय पर और बिना किसी परेशानी के राशन मिल सके। कार्डधारकों को तय समय पर राशन वितरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोटेदारों को आदेशित किया गया है कि वे समय का पालन करें और दुकान खोलने में लापरवाही न बरतें। निरीक्षक ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय का उल्लंघन करने वाले कोटेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शासन के इस कदम से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले गरीब और जरूरतमंद लोगों को अब समय पर राशन मिल सकेगा।