छिबरामऊ। सौ शैया अस्पताल में कई सालों से आवास घेरे छह डॉक्टरों व आउट सोर्सिंग पर कार्यरत स्टाफ नर्सों व अन्य कर्मचारियों को सीएमएस ने आवास खाली करने के लिए नोटिस जारी की है। आवास खाली न करने पर प्राथमिकी दर्ज कराए जाने की चेतावनी दी गई है।
सौ शैया अस्पताल में बने आवासों पर पिछले कई सालों से पूर्व में तैनात रहे डॉक्टर व सीएचसी पर तैनात डॉक्टर कब्जा जमाए हैं। इसके अलावा आउटसोर्सिंग पर कार्यरत स्टाफ नर्स व अन्य कर्मचारी आवास घेरे हुए हुए हैं। अमर उजाला ने कई बार अस्पताल के आवासों पर बाहरी डॉक्टरों के कब्जे को लेकर समाचार का प्रकाशन किया है। सोमवार को सीएमएस सुनील कुमार ने सभी को नोटिस जारी करते हुए बताया कि डाॅ. हसीब खां, डाॅ. कुलदीप सिंह तथा डाॅ. अभिषेक दुबे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात हैं। इन सभी को सौ शैया अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए अटैच किया गया।
इन डॉक्टरों को नोटिस जारी कर मासिक वेतन से आवास भत्ता की कटौती एवं तैनाती स्थल पर आवास आवंटित है या नहीं की रिपोर्ट मांगी गई है। इसके अलावा डाॅ. अमित यादव, एक्सरे टेक्नीशियन बृजपाल, शैलेंद्र तोमर डेंटर हाईजीनिस्ट स्थानांतरण के बाद भी आवासों पर काबिज हैं। इन लोगों को कई बार आवास खाली करने को कहा गया, लेकिन आवास खाली नहीं किए। नोटिस जारी होने के तीन दिन बाद तक आवास खाली न होने पर इनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
वहीं आउटसोर्सिंग पर कार्यरत स्टॉफ नर्स व अन्य कर्मचारी भी आवासों में रह रहे हैं, जबकि इन लोगों के लिए यह आवास नहीं है। कई सालों से इन लोगों के कब्जे के कारण पात्र स्वास्थ्य कर्मियों को आवास नहीं मिल पा रहे हैं। पांच दिनों में आवास न खाली करने पर इन सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। वहीं दूसरी तरफ आवास खाली कराए जाने का नोटिस जारी होते ही कब्जा किए स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मचा हुआ है।