तिर्वा। हरे चारे की जमीन पर कब्जे की शिकायत करने पर नगर पंचायत ईओ को एसडीएम ने नोटिस जारी किया। दो दिन में स्पष्टीकरण न देने पर एफआईआर दर्ज कराने तक चेतावनी दी गई।
दरअसल 16 जनवरी को माध्यमिक शिक्षा परिषद के विशेष सचिव कृष्ण कुमार ने नगर पंचायत की कान्हा गोशाला खैरनगर का निरीक्षण किया था। यहां हरा चारा न मिलने पर जब विशेष सचिव ने जानकारी की तो ईओ उमेश सिंह ने बताया कि हरे चारा की जमीन पर ग्रामीणों का कब्जा है।
विशेष सचिव ने एसडीएम उमाकांत तिवारी से जब बात की तो उन्होंने बताया कि चारा की जमीन कब्जा मुक्त है। इस मामले को लेकर अब एसडीएम ने ईओ को नोटिस जारी किया। इसमें कहा कि कब्जा मुक्त जमीन पर अवैध कब्जा होने की भ्रामक जानकारी देकर उन्होंने तहसील प्रशासन की छवि धूमिल की है।
दो दिन में वह स्पष्टीकरण दें। स्पष्टीकरण न देने पर उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जा सकती है। एसडीएम ने नगर पालिका के बैंक खाते से ईओ के लेनदेन करने पर भी प्रतिबंध लगाया है।