तबादले पर जाने के बाद अब तक मालखाने का चार्ज न देने पर दो सिपाहियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करने के आदेश एसपी दिनेश कुमार पी ने दिए है।
26 अगस्त को आईजी के कोतवाली निरीक्षण के संभावित दौरे को लेकर बुधवार की दोपहर एसपी दिनेश कुमार पी स्थानीय कोतवाली जा पहुंचे। सबसे पहले उन्हाेंने मालखाने का निरीक्षण किया।
रायफलों की दयनीय स्थिति देख, नाराजगी जताई। खराब रायफलों को तत्काल ठीक कराने के लिए पुलिस लाइन भेजने के निर्देश दिए। एसपी ने जब मालखाना प्रभारी से इसके बारे में पूछा तो बताया कि पहले तैनात रहे, दो मालखाना इंचार्जों ने तबादले के बाद अब तक तमाम सामान उन्हें नही सौंपा है। इस पर एसपी ने तत्कालीन मालखान इंर्चाज जितेंद्र सिंह चंदेल व अनुपम मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें तत्काल गिरफ्तार करने के आदेश दिए हैं।
एसपी ने आरक्षियों की बैरकों का निरीक्षण किया और गंदगी पर नाराजगी जताई। क्षतिग्रस्त बैरकाें को ठीक कराने के निर्देश दिए। इस दौरान राइफल को खोलकर बंद कर लेने पर एसपी ने नौंरगपुर चौकी प्रभारी सोबरन सिंह आरक्षी अतुल कुमार व सोमेस शुक्ला की पीठ थपथपाई व उन्हे प्रशस्ति पत्र देने की बात कही है। निरीक्षण के दौरान कोतवाली प्रभारी संतोष अवस्थी, एसएसआई नवीन कुमार सहित सभी चौकी प्रभारी मौजूद रहे।