गुरसहायगंज। बिना अनुमति क्लीनिक चलाने और निर्धारित तिथि पर नोटिस का जवाब न देने पर दो झोलाछाप के खिलाफ नोडल अधिकारी ने रविवार को प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
चौकी समधन के दारासराय में पूर्व चेयरमैन नकीम के घर के पास बशीरुद्दीन सफी क्लीनिक का अवैध रूप से संचालन किया जा रहा था। टीम द्वारा मौके पर क्लीनिक संचालित पाया गया। इसके बाद नोटिस जारी कर 30 सितंबर को संचालन से जुड़े मूल प्रमाण पत्रों सहित मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद झोलाछाप निर्धारित तिथि पर कार्यालय में उपस्थित नहीं हुए।
इसी प्रकार आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के आधार पर जीटी रोड स्थित रौतामई तिराहे पर मनीष चंद्र कश्यप को बिना अनुमति क्लीनिक चलाते हुए पकड़े गए। उन्हें 26 सितंबर को प्रमाण पत्रों सहित कार्यालय में तलब किया गया था, परंतु वह भी उपस्थित नहीं हुए। नोडल अधिकारी डॉ. मोहम्मद अजहर सिद्दीकी ने दोनों मामलों की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने तहरीर पर दोनों झोलाछाप के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। कोतवाल अजय अवस्थी ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा रही है।