तालग्राम। ब्लॉक के ऊंचा ताहपुर व तिर्वा तालग्राम जाने वाले तिराहा पर यात्रियों के लिए कोई प्रतीक्षालय न होने के कारण उन्हें काफी परेशानी होती है। गर्मी हो या बरसात, यात्रियों को घंटों खुले में बैठकर बसों का इंतजार करना पड़ता है। ग्रामीण ओमशंकर, संतोष कुमार, रामसिंह, रामप्रकाश, जगदीश चंद्र, ने बताया कि क्षेत्र से प्रतिदिन सैकड़ों यात्री वाहनों से कस्बा व शहर को जाते हैं। अमोलर तिराहा पर यात्रियों के बैठने के लिए प्रतीक्षालय बनवाने की मांग स्थानीय जनप्रतिनिधियों से की गई, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। यात्री सड़क किनारे खड़े होकर वाहनों का इंतजार करते हैं, इससे दुर्घटनाओं का भी अंदेशा बना रहता है। जिला पंचायत सदस्य मिथलेश यादव का कहना है कि जिला पंचायत की बैठक में प्रतीक्षालय का प्रस्ताव रखा जाएगा। जल्द प्रतीक्षालय बनवाने का प्रयास करेंगे। (संवाद)