कन्नौज। जिला महिला अस्पताल में शुक्रवार को प्रसव से पहले नवजात बच्ची ने दम तोड़ दिया। परिजन ने स्वास्थ्य कर्मियों ने सामान्य प्रसव कराने का प्रयास किया, जिसमें बच्चेदानी फट गई और बच्ची की मौत हो गई। परिजनों ने स्वास्थ्य कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सीएमएस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
शहर के सरायमीरा चौकी क्षेत्र के डाक बंगला रोड निवासी गौरव सैनी की बहन श्वेता गर्भवती थीं। बुधवार को श्वेता ने जिला महिला अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ को दिखाया था। डॉक्टर ने दोपहर में श्वेता को अस्पताल बुलाया। भोर में ही श्वेता को प्रसव पीड़ा होने लगी और परिजन उसे सुबह छह बजे अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजन ने बताया कि ड्यूटी पर कोई डॉक्टर नहीं थीं। वहां मौजूद स्टाफ नर्स ने श्वेता को भर्ती किया।
आरोप है कि प्रसव पीड़ा बढ़ाने के लिए इंजेक्शन दिया गया। इसके बाद नॉर्मल डिलीवरी कराने के लिए नर्स ने महिला के पेट पर दबाव बनाया। इससे श्वेता की हालत बिगड़ने लगी और नर्स ने ऑपरेशन करने की बात कहते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर करने की बात कही। इस दौरान सर्जन डॉ. मनप्रीत कौर अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने श्वेता को देखने के बाद ऑपरेशन किया और बताया कि महिला की बच्चेदानी फट गई है। ऑपरेशन में श्वेता ने मृत बच्ची को जन्म दिया। परिजनों ने स्वास्थ्य कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सीएचसी को शिकायती पत्र दिया। सीएमएस डॉ. गोपाल नारायण द्विवेदी ने बताया कि प्रसव में लापरवाही नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।